चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास (53) की हत्या के मामले में कई बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी सेक्टर-52 के कजहेड़ी गांव पहुंचे। यहां नए कपड़े खरीदे। नाई की दुकान में बदले और करीब दो घंटे तक रुके रहे। इसके बाद सेक्टर-43 बस अड्डे से वोल्वो बस में बैठकर भाग गए। पुलिस को कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अपनी बाइक सेक्टर-3 के बोगनवेलिया गार्डन के पास छोड़कर पैदल ही सुखना लेक की ओर गए। वहां से ऑटो-रिक्शा लिया और कजेहड़ी पहुंचे। सेक्टर-36 और सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कजेहड़ी गांव में सर्च अभियान भी चलाया। पुलिस की आरोपियों की तलाश में सात टीमें पंजाब, हरियाणा और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं सेक्टर-11 मार्केट में अतिरिक्त पुलिस बल और सीआरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं।