अमृतसर के रंजीत एवेन्यू स्थित एक स्नूकर सेंटर में युवक पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल और रितिक के रूप में हुई है, जो अमृतसर के रहने वाले हैं। एडीसीपी सिटी-2 श्री सिरीवनिला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाना रंजीत एवेन्यू पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित प्रयास शर्मा और आरोपियों के बीच करीब दो महीने पहले शक्ति नगर स्थित एक स्नूकर सेंटर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक पर हमला किया। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल असली हथियार नहीं, बल्कि एक टॉय पिस्टल (खिलौना पिस्तौल) थी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एडीसीपी ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें।