पंजाब सरकार की ओर से शुरू की गई “मुख्यमंत्री मां-बेटी सम्मान योजना” के ऐलान की खुशी में जंडियाला गुरु में महिलाओं ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। पंजाब के कैबिनेट मंत्री और जंडियाला गुरु हलके के विधायक हरभजन सिंह ईटीओ की अगुवाई में शहर में जागो निकाली गई, जिसमें करीब 400 से 500 महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक सामान जैसे छज्ज, घड़ा और अन्य विरासती वस्तुएं लेकर पुराने रीति-रिवाज के अनुसार जागो निकाली। महिलाओं ने “मुख्यमंत्री मां-बेटी सम्मान योजना” की शुरुआत पर खुशी जताई और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को यादगार बनाया। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए 9300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। इस योजना के तहत पंजाब की करीब 97 प्रतिशत पात्र महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान महिलाओं ने पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार का यह फैसला आम परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।