अयोध्या के राम मंदिर की गोलक से जुड़े विवाद के बाद अब अमृतसर के श्री दुर्गियाना तीर्थ मंदिर की कथित रूप से टूटी गोलक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर काली सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (हरिद्वार) स्वामी अशनील जी महाराज ने मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मीडिया से बातचीत में स्वामी अशनील जी महाराज ने दावा किया कि वायरल वीडियो में श्री सत्यानारायण मंदिर की परिक्रमा में रखी गोलक टूटी हुई दिखाई दे रही है। साथ ही हनुमान मंदिर का शीशा भी क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है क्योंकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु चढ़ावा अर्पित करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोरी कैसे हो गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।