अमृतसर के मकबूलपुरा थाना के बाहर उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब एक परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिवार का आरोप है कि कोर्ट में पेशी के बावजूद उनके परिजनों को दोबारा थाने लाकर मारपीट की गई। पीड़ित हरपिंदर कौर ने मीडिया को बताया कि एएसआई बलदेव सिंह ने कथित तौर पर नशे की हालत में उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की और पैसे की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे न देने पर और ज्यादा प्रताड़ित करने की धमकी दी गई। एक अन्य महिला कुलदीप कौर ने बताया कि जब वह अपने रिश्तेदार को कपड़े देने थाने पहुंची, तो उन्होंने अपनी आंखों से एक युवक को बाहर खड़ा कर बुरी तरह पीटते देखा। उनके अनुसार युवक के हाथ-पैर सूज गए थे और उसे घायल अवस्था में रखा गया था। वहीं नवनीत कौर ने आरोप लगाया कि उनके पति और चाचा को भी हिरासत में लेकर मारपीट की गई, जबकि कोर्ट द्वारा उन्हें जेल भेजने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके थे। परिवार का कहना है कि पुलिसकर्मी ने गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और खुलेआम रिश्वत मांगी। परिवार ने मांग की है कि आरोपी पुलिसकर्मी को तुरंत निलंबित कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मामले में जब पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया। वहीं क्षेत्र की विधायक जीवन ज्योत कौर ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपने प्रतिनिधि को मौके पर भेजा। उनके पीए ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ितों का मेडिकल करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।