अमृतसर के गांव सैदपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ऐतिहासिक गुरुद्वारा दमदमा साहिब भिंडी औलख के मुख्य सेवादार बाबा मुख्तार सिंह समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में अजेपाल सिंह नामक युवक ने भी दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार बाबा मुख्तार सिंह अपने साथियों के साथ गांव सैदपुर में एक पुराने मकान को गिराने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान का लैंटर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। मलबे की चपेट में आने से बाबा मुख्तार सिंह और अजेपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। बाबा मुख्तार सिंह ऐतिहासिक गुरुद्वारा दमदमा साहिब भिंडी औलख के मुख्य सेवादार थे और लंबे समय से गुरुद्वारा साहिब की सेवा में समर्पित थे। उनके निधन की खबर से संगत और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, संगतों और स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए अरदास करते हुए परिवारों को इस दुख की घड़ी में हौसला देने की प्रार्थना की है।