सिखों के केंद्रीय धार्मिक स्थल श्री दरबार साहिब में सुरक्षा सेवा दल के सेवादारों की वर्दी को लेकर अहम बदलाव किया गया है। अब सेवादार पीले और गहरे नीले रंग की दो अलग-अलग वर्दियों में सेवा निभाते नजर आएंगे। नई व्यवस्था के तहत सेवादार सप्ताह में बारी-बारी से दोनों रंगों की वर्दी पहनेंगे। नई वर्दी प्रणाली के अनुसार पीली वर्दी के साथ नीली पगड़ी और नीली वर्दी के साथ पीली पगड़ी अनिवार्य की गई है, जिससे सेवादारों की पहचान और भी स्पष्ट होगी। वर्दी के दोनों कंधों पर खंडे का चिन्ह उकेरा गया है, जबकि छाती पर ‘श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर’ लिखा गया है। इसके साथ सेवादार सफेद रंग का हजूरिया भी पहनेंगे।