शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि अकाल तख्त साहिब के आदेशों के आगे सरकारी तंत्र का सिर झुकना पंथक मर्यादा की जीत है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि हाल ही में दरबार साहिब परिसर से जुड़ी एक संवेदनशील घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों का अकाल तख्त साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन देना संतोषजनक कदम है। ग्रेवाल ने बताया कि जब परिक्रमा क्षेत्र से लोगों को हटाने की कोशिश की गई तो एसजीपीसी टास्क फोर्स ने तुरंत हस्तक्षेप कर मर्यादा की रक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गागर की सख्त चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरु घर की सेवा में जुटे सेवादारों और कर्मचारियों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा कुछ लोगों की गलती के आधार पर पूरी संस्था को बदनाम करना अनुचित है।