अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए चलने वाली स्पेशल ट्रेन सेवा को करीब आठ-नौ महीने बाद फिर से शुरू कर दिया गया है। ट्रेन की पहली रवाना के अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। लंबे समय से इस सेवा के बहाल होने की मांग की जा रही थी। लोको पायलट बलराज पाल सिंह ने बताया कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण मार्ग में कई रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके चलते यह ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी थी। सेवा बंद होने से श्रद्धालुओं और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन अमृतसर से चलकर बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मू होते हुए कटड़ा पहुंचेगी। लगभग 283 किलोमीटर का सफर यह ट्रेन करीब 5 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन अमृतसर से शाम 4:25 बजे रवाना होकर रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में यह सुबह 6:40 बजे कटड़ा से चलकर अमृतसर आएगी। रेलवे विभाग का कहना है कि सेवा दोबारा शुरू होने से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और जम्मू-कटड़ा मार्ग पर यात्रा अधिक सुगम होगी। यात्रियों ने भी ट्रेन सेवा बहाल होने पर खुशी जताते हुए रेलवे और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।