सच्चखंड श्री दरबार साहिब की पवित्र मर्यादा का उल्लंघन करने के मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने सख्त रुख अपनाते हुए युवक सुव्हान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। एसजीपीसी ने अमृतसर पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज करने की अपील की है। एसजीपीसी के कानूनी सलाहकार अमरबीर सिंह सियाली ने बताया कि इस संवेदनशील मामले की कई दिनों तक गहन जांच की गई, जो अब पूरी हो चुकी है। जांच में सामने आया है कि युवक की नीयत श्रद्धा के साथ माथा टेकने की नहीं थी और उसकी गतिविधियां सिख मर्यादा के अनुरूप नहीं पाई गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मांगी गई माफी सिख मर्यादा के अनुसार स्वीकार्य नहीं है। एसजीपी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी घटनाएं संगत की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, इसलिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।