नवनियुक्त राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर देश, प्रदेश और विश्व कल्याण की अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। चुघ ने कहा कि वह एक विनम्र सिख और नानक नाम लेवा संगत के रूप में श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यहां से मानवता को आध्यात्मिक शक्ति और आशीर्वाद मिलता है। चुघ ने बताया कि उन्होंने विकसित भारत, देश की प्रगति और विश्व शांति के लिए अरदास की है। पाकिस्तान में दो सिख सेवादारों की हत्या की घटना की निंदा करते हुए चुघ ने कहा कि वहां अल्पसंख्यक सिख और हिंदू समुदाय लगातार उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय को संयुक्त पत्र लिखेंगे, ताकि पाकिस्तान सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाया जा सके। मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े विवाद और अकाल तख्त साहिब के फैसले पर उठे सवालों के संबंध में चुघ ने कहा कि अकाल तख्त साहिब सिख कौम का सर्वोच्च धार्मिक संस्थान है और उसके फैसलों पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए धार्मिक संस्थाओं की गरिमा को चुनौती दे रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आगामी पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए चुघ ने कहा कि नड्डा 20 जून को श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार बनाएगी। गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर चुघ ने पंजाब में नशाखोरी, गैंगस्टरवाद और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को इन बुराइयों से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर काम करेगी।