बीसीसीआई द्वारा आईपीएल के तहत टाटा आईपीएल फैन पार्क 2026 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान बीसीसीआई के सीनियर मैनेजर (क्रिकेट ऑपरेशंस) सुमित मलापुरकर ने बताया कि इस साल अमृतसर में आयोजित होने वाला फैन पार्क पिछले साल के मुकाबले और बड़े स्तर पर किया जा रहा है। पिछले वर्ष भी फैन पार्क आयोजित किया गया था, जहां दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली थी। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार फैन पार्क में सिर्फ मैचों की लाइव स्क्रीनिंग ही नहीं होगी, बल्कि दर्शकों के लिए कई तरह की एक्टिविटीज और मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खास तौर पर बच्चों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि पूरा परिवार इस इवेंट का आनंद ले सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फैन पार्क में एंट्री पूरी तरह मुफ्त होगी और पार्किंग भी फ्री रखी गई है। दर्शकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी, जबकि खाने-पीने के स्टॉल पेड होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं और एंट्री के समय हर दर्शक को फ्री बैंड दिया जाएगा। इसके अलावा इस प्लेटफॉर्म के जरिए पंजाब के युवाओं को अपना लोकल टैलेंट दिखाने का अवसर भी मिलेगा। बीसीसीआई ने उम्मीद जताई है कि पिछले साल की तरह इस बार भी यह फैन पार्क इवेंट काफी सफल रहेगा।