श्री अकाल तख्त साहिब के स्थापना दिवस पर रविवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से श्री दरबार साहिब परिसर स्थित मंजी साहिब दीवान हॉल में पंथिक एकत्रीकरण आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न निहंग सिंह जत्थेबंदियों, संत-महापुरुषों, पंथिक संगठनों और बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। इस दौरान निहंग सिंह बाबा निहाल सिंह हरियां वेलां वालों ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब खालसा पंथ की सर्वोच्च संस्था है। उन्होंने सभी मतभेद भुलाकर अकाल तख्त साहिब की छत्रछाया में एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि पंथ से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान यहीं से निकल सकता है। एसजीपीसी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी हर आदेश सिख पंथ के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सत्ता और अहंकार स्थायी नहीं होते, लेकिन अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और उसके फैसले हमेशा सर्वोच्च रहते हैं। उनके अनुसार, मंजी साहिब में संत-महापुरुषों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों, किसान संगठनों और विभिन्न पंथिक संगठनों की बड़ी भागीदारी पंथिक एकता का संदेश दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ऐतिहासिक एकत्रीकरण सिख पंथ में एकजुटता और अकाल तख्त साहिब के सम्मान को और मजबूत करेगा।