जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों का अपने देश लौटने का सिलसिला सोमवार को भी लगातार जारी है। अमृतसर के अटारी-वाघा बॉर्डर पर पाकिस्तान जाने के लिए आज भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। अपने मुल्क लौट रहे कई लोगों ने बताया कि वह वीजा पर भारत आए थे, लेकिन अभी उनके वीजा खत्म नहीं हुए हैं, इससे पहले ही उन्हें भारत छोड़ना पड़ रहा है। इनमें से कई लोग भारत घूमने आए थे और कई अपने रिश्तेदारों से मिलने पहुंचे थे। वहीं पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तानी लोगों का कहना है कि जो हुआ वह गलत है। क्योंकि कई निहत्थे और निर्दोष लोगों को मारना आतंकियों की कायराना हरकत है। इस घटना की वजह से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ रहा है।