तरनतारन जिले के पट्टी हलके में एक विवाह समारोह के दौरान सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में सरपंच का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। घायल का हाल जानने अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दिनदहाड़े विवाह समारोह में इस तरह की वारदात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। औजला ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को सख्त कदम उठाकर हालात पर काबू पाना चाहिए।