खालसा साजना दिवस के पावन अवसर पर अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने संगत को शुभकामनाएं दीं और सिख पंथ की एकता, मर्यादा और गुरमत मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन सिख इतिहास में विशेष महत्व रखता है और हमें गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने की प्रेरणा देता है। इस दौरान जत्थेदार साहिब ने बेअदबी के मामलों पर सख्त कानून की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती और इसके दोषियों के खिलाफ कड़े से कड़ा कानून बनाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। बंदी सिंहों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन सिख कैदियों ने अपनी सजा पूरी कर ली है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे मानवाधिकार और न्याय का विषय बताते हुए सरकार से इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की। जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने अंत में संगत से अपील की कि खालसा साजना दिवस के अवसर पर सभी मिलकर पंथ की चढ़दी कला और एकता के लिए अरदास करें।