फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माघी पर्व पर सचखंड श्री दरबार साहिब में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

माघी के पावन पर्व पर सचखंड श्री दरबार साहिब, अमृतसर में आस्था और श्रद्धा का अलौकिक दृश्य देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गुरु घर में नतमस्तक होने पहुंचे। अमृत वेले से ही श्रद्धालुओं ने श्री हरिमंदिर साहिब के पवित्र अमृत सरोवर में स्नान करना शुरू कर दिया। मान्यता है कि माघी के दिन सरोवर में स्नान करने से आत्मिक शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है। कड़ाके की ठंड के बावजूद संगतों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। श्री हरिमंदिर साहिब की परिक्रमा श्रद्धालुओं से पूरी तरह भरी रही। स्नान उपरांत संगतों ने गुरु घर में माथा टेका और गुरबाणी कीर्तन का रसपान किया। पूरे परिसर में ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने वाहेगुरु के समक्ष नतमस्तक होकर अपने परिवारों की सुख-शांति और समूची मानवता के कल्याण के लिए अरदास की। माघी का यह दिन 40 मुक्तों की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने खिदराने दी ढाब (अब श्री मुक्तसर साहिब) में मुगल फौजों से लोहा लेते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। श्रद्धालुओं ने शहीदों को नमन करते हुए पवित्र सरोवर में श्रद्धा की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे। लंगर सेवा, पीने के पानी और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था लगातार जारी रही। माघी पर्व पर श्रद्धा, बलिदान और सेवा की भावना एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ देखने को मिली।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें