श्री अकाल तख्त साहिब की सरपरस्ती में सिख कौम के महान शहीदों की याद में ‘खालसा मार्च’ की शुरुआत की गई। यह मार्च भाई तारा सिंह वां और उनके 21 साथियों की लगभग 300वीं शहादत को समर्पित है। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने बताया कि वर्ष 1726 में भाई तारा सिंह वां ने अपने साथियों के साथ अत्याचार के खिलाफ बहादुरी से मुकाबला करते हुए शहादत प्राप्त की थी। उनकी इस महान कुर्बानी को याद करते हुए सिख समाज की ओर से विशेष कार्यक्रम और खालसा मार्च आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मार्च गुरुद्वारा बेड़ साहिब से शुरू होकर विभिन्न गांवों से होते हुए पहुंविंद पहुंचेगा, जो महान शहीद बाबा दीप सिंह का जन्म स्थान है। इसके बाद मार्च भाई तारा सिंह वां के गांव तक पहुंचकर संपन्न होगा। जत्थेदार ने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य युवाओं को सिखी से जोड़ना और उन्हें नशे व धर्म परिवर्तन जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश देना है। मार्च के दौरान विभिन्न स्थानों पर धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे, जहां रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा।