सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृतसर पुलिस की ओर से शहर में आर्मी और एयरफोर्स स्टेशन के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे की जांच की और आने-जाने वाले वाहनों तथा संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। अभियान के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभियान का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।