सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब के ऐतिहासिक स्थल गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में गुरु नानक मल्टीवर्सिटी और ‘एजुकेट पंजाब प्रोजेक्ट’ की ओर से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से भव्य गुरमत समागम आयोजित किया गया। इस अवसर पर धार्मिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समागम में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को बिना फीस शिक्षा से जोड़ना पंथ की बड़ी सेवा है। उन्होंने एजुकेट पंजाब प्रोजेक्ट द्वारा शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शिरोमणि कमेटी की शैक्षणिक निदेशिका बीबी सतवंत कौर ने कहा कि पंथक पनीरी को संभालना समय की प्रमुख आवश्यकता है। इंग्लैंड के समाजसेवी सरदार जसविंदर सिंह कोहली ने ‘विद्या का लंगर’ लगाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज और कौम को मजबूत बनाया जा सकता है। समागम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगत और विद्यार्थी उपस्थित रहे।