अमृतसर के मुधल बाईपास पर जर्जर सड़कों के मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां द्वारा बड़ा धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इलाके के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। किसान नेता परमिंदर सिंह पंडोरी ने बताया कि मुधल बाईपास से लेकर पुरानी बटाला-गुरदासपुर सड़क तक की हालत बेहद खराब है। सड़क पर दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं, जिसके कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों में एक बार भी सड़क की पैचवर्क नहीं की गई। उन्होंने इलाके की विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारी जनादेश मिलने के बावजूद जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। किसानों ने मांग की कि सड़क की तुरंत मरम्मत करवाई जाए और हाल ही में हुई ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा भी दिया जाए। दूसरी ओर, एसडीएम-2 जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सड़क और सर्विस लेन का मामला पीडब्ल्यूडी के संज्ञान में ला दिया गया है और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन किसानों के साथ बैठक कर धरना जल्द खत्म करवाने की कोशिश कर रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।