भारतीय किसान यूनियन एकता संघर्ष के आह्वान पर आज प्रदेश भर के जिला व डीसी मुख्यालयों पर किसानों ने ट्रंप-मोदी ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंके और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेताओं ने कहा कि यह ट्रेड डील किसानों, डेयरी फार्मरों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए घातक साबित होगी। उनका आरोप है कि सरकार ने देशहितों से समझौता किया है। नेताओं ने कहा कि भले ही सोयाबीन को बाहर रखने की बात कही जा रही है, लेकिन सोयाबीन तेल और मक्का उत्पादों के आयात से भारतीय किसान प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि जहां अमेरिकी किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, वहीं भारतीय किसान सीमित जमीन और कम सहायता के सहारे खेती कर रहा है। मांगें न मानी गईं तो देशव्यापी आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।