सड़क हादसे में घायल 27 वर्षीय अभिषेक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में कथित लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के मुताबिक गोदाम मोहल्ला निवासी अभिषेक आठ अगस्त को एक्टिवा से पेट्रोल पंप जा रहा था, तभी सड़क हादसे में घायल हो गया। उसे कई अस्पतालों में उपचार के बाद 12 अगस्त को माल रोड स्थित अमनदीप मेडिसिटी में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि इलाज के नाम पर उनसे भारी रकम ली गई। कुछ इंजेक्शन लगाने के बाद अभिषेक की हालत बिगड़ गई और वह दोबारा होश में नहीं आया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जांच अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अस्पताल पर लगाए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।