सफाई कर्मचारियों के समर्थन में पिछले कई दिनों से भंडारी पुल पर चल रहे धरने के दौरान शनिवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब विभिन्न वाल्मीकि संगठनों के नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद के बाद कुछ संगठनों के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत कर वाल्मीकि नेता ओम प्रकाश गब्बर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वाल्मीकि नेता दर्शन पटाका ने आरोप लगाया कि ओम प्रकाश गब्बर लगातार समाज के कुछ लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं और ग्वाल मंडी के लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो समाज की बैठक बुलाकर अगली रणनीति तय की जाएगी। वहीं, महिला वाल्मीकि नेता सिमरन भट्टी ने बताया कि वह भूख हड़ताल पर बैठे लोगों का हालचाल जानने भंडारी पुल पहुंची थीं। उनका आरोप है कि वहां ओम प्रकाश गब्बर और उनके समर्थकों के साथ कहासुनी हुई, जिसमें महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी गई है और निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा भंडारी पुल पर धरना देंगे। उधर, पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के आरोपों की पड़ताल में जुटी हुई है।