भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जो टूर्नामेंट की सबसे तेज हाफ सेंचुरी रही। उन्होंने 21 गेंदों में 52 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और छह चौके शामिल थे। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया। इस जीत के बाद अभिषेक शर्मा के परिवार में खुशी का माहौल है। उनके चाचा अमित व्यास ने बताया कि उन्हें पहले से विश्वास था कि फाइनल में अभिषेक का बल्ला जरूर चलेगा। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। उनके अनुसार अभिषेक के पिता राजकुमार शर्मा जल्द ही गुरु नगरी अमृतसर पहुंचेंगे, जहां परिवार की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। अमित व्यास ने उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में भी अभिषेक शर्मा इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया और देश का नाम रोशन करेंगे।