स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस के सहयोग से मंगलवार को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के सख्त पालन को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 दुकानदारों और व्यक्तियों के चालान किए गए। पंजाब सरकार के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. रश्मि विज के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डिप्टी डायरेक्टर डेंटल एवं जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. जगजोत कौर तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनजीत सिंह रटोल ने किया। अभियान के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीमों ने रंजीत एवेन्यू बी ब्लॉक, सर्कुलर रोड, बटाला रोड, नमक मंडी और आसपास के इलाकों में निरीक्षण किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने और तंबाकू उत्पादों की बिक्री संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 चालान किए गए। डॉ. जगजोत कौर ने बताया कि जिले को तंबाकूमुक्त बनाने और COTPA अधिनियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री, खुले (लूज़) सिगरेट बेचना, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।