अमृतसर के छेहरटा इलाके में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और भाजपा के कार्यकारी पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बिट्टू ने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह रैली भी उसी का हिस्सा है। गगनदीप सिंह हत्या मामले को लेकर उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और पीड़ित परिवार द्वारा सीबीआई जांच की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद में भी उठाया है और गृह मंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता इस मामले में स्पष्ट रुख नहीं अपना रहे और केवल राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस गंभीर है तो अपने सांसदों से हस्ताक्षर करवाकर सीबीआई जांच के लिए केंद्र को भेजे। इसके साथ ही बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता काम के आधार पर फैसला करेगी और पंजाब में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी। रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को लेकर उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से देरी हुई है, लेकिन जल्द ही ये काम पूरे कर लोगों को राहत दी जाएगी।