पंजाब पुलिस को नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय दो संगठित ड्रग्स और हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विशेष टीमों ने योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान 5.438 किलोग्राम हेरोइन, तीन आधुनिक पिस्तौल, 34 जिंदा कारतूस और 4,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। बरामद हथियारों में एक ग्लॉक 9 एमएम, एक जिगाना 9 एमएम और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशीले पदार्थ और हथियार अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भारत लाए जा रहे थे। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों से सीधे संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक आरोपी गोपी, जो गोइंदवाल जेल में बंद है, वहीं से तस्करी नेटवर्क चला रहा था। उसके पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। कई गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी हत्या और नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।