अमृतसर के रहने वाले और भारतीय नौसेना के जवान लवप्रीत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के +110 किलोग्राम सुपर हैवीवेट भारोत्तोलन वर्ग में रजत पदक जीतकर पंजाब और देश का गौरव बढ़ाया है। ग्लासगो में आयोजित प्रतियोगिता में लवप्रीत स्वर्ण पदक से महज एक किलोग्राम पीछे रह गए। लवप्रीत की इस उपलब्धि से उनके गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव के सरपंच गुरजंट सिंह ने कहा कि लवप्रीत ने पूरे पंजाब का नाम रोशन किया है। उनके गांव लौटने पर ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गांव के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की खेल प्रशिक्षण में हरसंभव मदद की जाएगी, ताकि युवा खेलों के माध्यम से आगे बढ़ सकें। कोच हीरा सिंह ने बताया कि लवप्रीत ने इस पदक के लिए लगातार कड़ी मेहनत की। वह करीब डेढ़ वर्ष से घर नहीं आए और लगातार प्रशिक्षण में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि एक किलो के अंतर से स्वर्ण पदक छूटने का अफसोस है, लेकिन अब लक्ष्य अगले बड़े मुकाबले में स्वर्ण जीतना है। लवप्रीत के पिता गुरपाल सिंह ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह पूरे गांव और देश के लिए सम्मान की बात है। लवप्रीत सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वह पटियाला और मोदीनगर में लगातार प्रशिक्षण ले रहे थे। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है। साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार से राज्य में भी सेवा का अवसर देने की अपील की। उन्होंने बताया कि पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी।