पंजाब पुलिस ने थाना मजीठा रोड क्षेत्र में नवजात बच्चे के अपहरण के मामले को 24 घंटे से कम समय में सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 3 दिन के बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता रानी कौर निवासी तरनतारन ने पुलिस को बताया कि 15 मार्च 2026 को उसने एक बच्चे को जन्म दिया था। तबीयत खराब होने पर उसे गुरु नानक देव अस्पताल (बेबे नानकी विंग) अमृतसर में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने बताया कि एक अज्ञात महिला पिछले कुछ दिनों से वार्ड में आकर मरीजों के बच्चों के साथ घुल-मिल रही थी। 19 मार्च को वह महिला बच्चे को गोद में लेकर बहाने से बाहर चली गई और वापस नहीं लौटी। इस संबंध में थाना मजीठा रोड में मुकदमा नंबर 34, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी महिला जसप्रीत कौर निवासी गुरदासपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अपहृत 3 दिन का बच्चा सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।