अमृतसर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए अमृतसर पुलिस ने देर रात नाइट डोमिनेशन और विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस की अगुवाई में शहर के संवेदनशील इलाकों, मुख्य मार्गों और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर विशेष नाके लगाए गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेने के साथ-साथ वाहन दस्तावेजों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने खुद विभिन्न नाकों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को रात के समय पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन और पेशेवर रवैया दिखाने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की पुलिस कमिश्नर ने मौके पर ही सराहना करते हुए उन्हें रिवॉर्ड देकर प्रोत्साहित किया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाइट डोमिनेशन और विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें।