संगतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की संगत ने एक सराहनीय पहल की है। सच्चखंड श्री हरमंदिर साहिब के दर्शन के लिए आने वाली संगतों की रिहाइश को ध्यान में रखते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रजौरी गार्डन की अगुवाई में दरबार साहिब के नजदीक एक आधुनिक सराय बनाने की शुरुआत की गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन का कब्जा लेकर नींव पत्थर भी रख दिया गया है। इस मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब के हेड ग्रंथी साहिबान ने पहुंचकर अरदास की। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन की रजिस्ट्री और अन्य कागजी कार्रवाई पर करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सेवा में दिल्ली के साथ-साथ अमेरिका, लंदन और अन्य देशों में बैठी एनआरआई संगत ने भी खुलकर सहयोग दिया है। प्रबंधन के अनुसार सराय में संगत के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शुरुआती चरण में करीब 30 से 38 आधुनिक कमरे बनाए जाएंगे। विदेशों से आने वाली संगत के लिए एक विशेष फ्लोर आरक्षित रखा जाएगा। साथ ही तंग इलाके को ध्यान में रखते हुए खुली पार्किंग, कैफेटेरिया और स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि अक्सर भीड़ के कारण संगत को कमरा मिलने में परेशानी होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए यह सराय बनाई जा रही है, जहां संगत को लगभग 500 से 800 रुपये में अच्छे कमरे उपलब्ध करवाए जाएंगे। कमेटी के कैशियर वीर प्रताप सिंह के अनुसार इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए करीब 15 महीने का लक्ष्य रखा गया है। यदि फंड की आमद तेज रही तो इसे 12 महीनों में ही पूरा कर संगत को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सराय गुरु रामदास जी की नगरी में आने वाली संगत के लिए बड़ी राहत साबित होगी।