अमृतसर के विधानसभा हलका सेंट्रल के वार्ड नंबर 51 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 25 परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। विधायक अजे गुप्ता की मौजूदगी में नए सदस्यों का स्वागत किया गया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार की जनहितैषी नीतियों और गारंटियों से प्रभावित होकर लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। अजे गुप्ता ने कहा कि आनंद विहार कॉलोनी सहित वार्ड की विभिन्न समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीसी फ्लोरिंग वाली सड़कों और एक बड़े ट्यूबवेल की स्थापना के लिए नगर निगम के साथ मिलकर काम किया जाएगा। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों और जनता को दी जा रही सुविधाओं के कारण लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता आम आदमी पार्टी को पहले से अधिक समर्थन देगी। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।