अमृतसर के संजय गांधी नगर इलाके में एक 15 वर्षीय अमृतधारी किशोर नशे की चपेट में आ गया। इस घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक अपने साथियों के साथ नशा करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिवार को इस कड़वी सच्चाई का पता चला। युवक की दादी ने रोते हुए बताया कि उसका पोता पहले अमृतधारी था और आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था, लेकिन गलत संगत में पड़कर वह नशे की ओर मुड़ गया। दादी का कहना है कि पड़ोस के कुछ लड़कों ने ही उसके पोते को इस रास्ते पर लगाया। घटना के बाद परिवार का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने मौजूदा और पिछली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में नशा खुलेआम बिक रहा है और प्रशासन इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उनके बच्चे को कोई नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में नशा बेचने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। इस घटना ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि किस तरह नशा हमारी नई पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में छोटे-छोटे बच्चे तक नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, लेकिन पुलिस अब तक चुप्पी साधे हुए है।