फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमृतसर के गांव कोटला सैदां में देर रात गुंडागर्दी, घर में घुसकर परिवार पर हमला

अमृतसर के थाना काठू नंगल क्षेत्र अंतर्गत गांव कोटला सैदां में देर रात उस समय दहशत फैल गई जब कुछ हथियारबंद युवक जबरन एक घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, फायरिंग की और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। मामले संबंधी जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी नरिंदर सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कोटला सैदां में कुछ लोग घर में घुसकर झगड़ा और तोड़फोड़ कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि परिवार के बयान और जुटाए जा रहे सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार बलजीत सिंह और उनके पुत्र समेत परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर पिस्तौल, दातर, लोहे की रॉड और डंडों से लैस होकर आए थे। घर में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों की बेरहमी से पिटाई की। आरोपियों ने नई कार के शीशे तोड़ दिए तथा घर के अंदर अलमारियां, रसोई के शीशे और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। परिवार का दावा है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की। गांव के सरपंच प्रकाश सिंह ने बताया कि करीब 10 से 15 लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। सरपंच ने आरोप लगाया कि हमलावर हथियारों के बल पर परिवार को डराते रहे और लंबे समय तक घर में उत्पात मचाते रहे। वहीं पीड़ित महिला वरिंदर कौर ने रोते हुए बताया कि उनका पति शहर से सामान लेकर घर लौटा था और कपड़े बदल रहा था कि तभी कुछ युवक अचानक घर में घुस आए। उन्होंने आते ही हमला शुरू कर दिया और पूरे परिवार के साथ मारपीट की। वरिंदर कौर ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की और उनकी बांह पर चोट मारी। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें