तरनतारन निवासी कुख्यात बदमाश राजा बिल्ला सोमवार सुबह अमृतसर देहात के रईया क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। हाल ही में उसने रईया के गांव धुलका में एक दुकानदार को 50 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से ही वह पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था। इस मामले में बिल्ला का दूसरा साथी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह भी पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल के अनुसार, सोमवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि राजा बिल्ला रईया इलाके में छिपा हुआ है और किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।