बरेली में हुए बवाल के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन अवैध निर्माण पर बुलडोडर की कार्रवाई कर रहा है। बवाल के बाद से बरेली मे पूरी तरह से शांति है। समाजवाजी पार्टी ने अपने प्रतिनिधिमंडल को बरेली भेजा, लेकिन पुलिस ने सपा के प्रतिनिधिमंडल को रास्ते में ही रोक लिया। जिसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का बयान सामने आया है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि उनको मालूम है कि बरेली में शांति हो गई है, बरेली की शांति को अशांति में बदलने के लिए ये लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा कहीं जाती है, तो शोर मचाकर जाती है। उन लोगों के दिलों में मोहब्बत नहीं है। उन्होंने कहा कि ये स्थानीय मामला है, और स्थानीय लोगों हल करने में लगे हुए हैं। मौलाना ने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी के तमाम नेताओं को बता देना चाहता हूं कि हम बरेली को संभल बनने नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन बाहर के लोगों को यहां पर आने से रोके। ताकि बरेली की शांति और भाईचारा को खतरा न हो। ये आएंगे बरेली में अशांति फैलाएंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग चाहते हैं कि जिस तरह से संभल में घटनाएं हुईं, बरेली को दोबारा संभल बनाना चाहते हैं। लेकिन हम बरेली को संभल बनने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि बरेली गंगा-जमुनी तहजीब का संगम है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग बरेली की तरफ रुख न करें। उन्होंने कहा कि अपनी सियासत चमकाने के लिए किसी और शहर को चुने। मौलाना ने कहा कि प्रशासन ने तो बराबर लोगों को समझाया। प्रशासन ने समझाने में कोई कसर और कमीं नहीं छोड़ी।