शाजापुर जिले के अकोदिया क्षेत्र के ग्राम केवड़ा खेड़ी के पास शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ। भोपाल से आगर मालवा जा रहे पांच लोगों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
घटना तड़के करीब 4:30 बजे की है। कार तेज गति में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आयुष को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चार घायल अस्पताल में भर्ती
घायलों की पहचान राजेश अहिरवार, रवि, और योगेंद्र के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट अशोक मालवीय और ईएमटी रघुवीर राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे का कारण बताया जा रहा है। शाजापुर जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़कों पर व्याप्त अव्यवस्थाएं इन घटनाओं के पीछे मुख्य कारण हैं। प्रशासन और आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की जा रही है।