शहडोल जिले में ब्यौहारी देवगांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए अपनी जान हथेली में रखकर स्कूल जाना पड़ता है, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। बस्ती के समीप से रेलवे लाइन गुजरी है। स्कूल जाने के लिए छात्र-छात्राएं पटरी पार कर स्कूल जाते हैं। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय नेताओं ने कई बार पत्राचार किया है कि बस्ती के अंदर ही स्कूल का निर्माण करवा दिया जाए या पटरी पार करने के लिए कोई पुल बनवा दिया जाए। लेकिन जवाबदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ब्यौहारी के देवगांव बस्ती में दर्जनों परिवार कई वर्षों से रहकर इस समस्या को झेल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पटरी पार कर बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया है। लेकिन इस समस्या का समाधान अब तक नहीं निकला गया है, जिससे बच्चों की जान आए दिन खतरे में रहती है।
जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र सिंह पटेल ने अब सीधी सांसद को पत्र लिखकर देवगांव में स्कूल खोलने की मांग रखी है। पुष्पेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर मैं मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन देकर इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने की मांग की थी। लेकिन अभी तक इसका निराकरण न हो सका। जिला पंचायत सदस्य ने संसद को लिखे पत्र में बताया कि यहां दर्जनों परिवार वर्षों से गुजर बसर कर रहे हैं और कई वर्षों से इसी प्रकार बच्चे पटरी पार कर स्कूल जाते हैं। रेलवे लाइन पर पुल का निर्माण करवाया जाए या तो बस्ती के भीतर ही स्कूल का निर्माण करवाया जाए।
हम आपको बता दें कि जो वीडियो सामने आया, उसमें साफतौर पर दिख रहा है कि स्कूल जाने के लिए बच्चे पटरी पर ट्रेन गुजर जाने का इंतजार कर रहे हैं और जब ट्रेन गुजर जाती है तो बच्चे अपने स्कूल के लिए पटरी पार कर रवाना हो जाते हैं।