फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh News: राजगढ़ में पटाखे फोड़ने वाले साइलेंसरों पर चला एसपी का रोलर, ट्रैक्टर चालकों को भी दी यह चेतावनी

Wed, 15 Jan 2025 06:46 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ध्वनि प्रदूषण को रोकने और उससे होने वाली मानसिक परेशानी से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए राजगढ़ एसपी ने ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। मंगलवार शाम शहर के खिलचीपुर नाके पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां बुलेट वाहनों के तेज आवाज वाले साइलेंसर और पटाखा फोड़ने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों पर एसपी ने रोलर चलवाकर उन्हें नष्ट कर दिया। इसके साथ ही एसपी ने उन ट्रैक्टर चालकों को भी चेतावनी दी, जो स्पीकर्स का इस्तेमाल कर फुल वॉल्यूम पर ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं।
 
दरअसल, राजगढ़ जिले की ट्रैफिक पुलिस नियमित रूप से चेकिंग पॉइंट्स और जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। बुलेट वाहन चालकों को भी ध्वनि प्रदूषण अधिनियम और इससे आमजन को होने वाली परेशानियों के बारे में बताया गया। पूर्व में कई चालानी कार्रवाई भी की गई थी। लेकिन, बावजूद इसके कई वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।
 
राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा ने मंगलवार को खिलचीपुर नाके पर ऐसे वाहन चालकों के मॉडिफाइड साइलेंसर इकट्ठे कर उन पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 65 से 70 साइलेंसरों पर रोलर चलवाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया। ये सभी साइलेंसर मॉडिफाइड थे और तेज आवाज के जरिए ध्वनि प्रदूषण फैलाते थे, जिससे आमजन को मानसिक परेशानी होती थी।
 
एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि तेज आवाज और पटाखा फोड़ने वाले साइलेंसरों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पूर्व में वाहन चालकों को समझाइश दी गई थी, लेकिन उनके न मानने पर कानूनी कार्रवाई करते हुए इन साइलेंसरों को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे ट्रैक्टर चालक जो तेज आवाज में स्पीकर्स बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, उन्हें भी समझाइश दी जा रही है। यदि वे नहीं मानते, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
एसपी ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें