मध्यप्रदेश के राजगढ़ शहर में बीते माह एक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण बीच बाजार में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत और 5 से 6 लोगों के घायल होने के बाद भारी वाहनों का प्रवेश तय समय पर प्रतिबंधित किया गया था और तत्कालीन कलेक्टर के निर्देश पर सूचना के लिए बोर्ड भी लगाए गए थे, लेकिन उसके बावजूद भी भारी वाहन नगर में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे है। जिसके वीडियो स्थानीय नागरिकों ने सोशल मीडिया पर वायरल किए है। वहीं व्यापारी संघ ने इस पर आपत्ति भी जताई है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला रविवार की सुबह का है जहां 9 बजे के पश्चात नए बस स्टैंड से शहर की सीमा के अंदर लगे प्रतिबंधित बोर्ड को क्रॉस करते हुए मुख्य बाजार की ओर प्रवेश कर रहे एक भारी ट्रक के वीडियो स्थानीय आमजन ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है, साथ ही वीडियो में वह बोर्ड भी नजर आ रहा है, जिसमें भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे में स्थानीय व्यापारी व आमजन ने आपत्ति जताई है कि राखी का पर्व है, जगह-जगह दुकानें लगी हैं, उसके बावजूद भी भारी वाहन अंदर प्रवेश कर रहे है, इसके लिए किसी जिम्मेदार की यहां ड्यूटी होनी चाहिए और भारी वाहनों को रोकना चाहिए।