फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Neemuch News: नीमच में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए दो चोर, पुलिस तलाश में जुटी

Thu, 25 Sep 2025 10:09 PM IST
नीमच ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नीमच

शहर के जवाहर नगर इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों का माल पार कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार जवाहर नगर निवासी नरेंद्र पाटीदार रोज की तरह सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर पर ताला लगाकर दफ्तर चले गए थे। परिवार के अन्य सदस्य बेटी की डिलेवरी के बाद उसे मल्हारगढ़ छोड़ने गए हुए थे। इस बीच, मौका पाकर दो चोर पैदल ही घर के पास पहुंचे और पहले घर का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एक नहीं बल्कि तीन ताले तोड़कर घर में घुसपैठ की। चोर सीधे प्रथम तल पर पहुंचे और कमरों की अलमारियां व सामान खंगाल डाला। घर से करीब 50 हजार रुपये नगद, मंगलसूत्र, पायजेब और अन्य सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये का माल चोरी हो गया।

ये भी पढ़ें-  ग्वालियर में तैयार होंगे BSF के ड्रोन कमांडोज, बीएसएफ अकादमी में देश का पहला ड्रोन वॉरफेयर स्कूल खुला

दोपहर में जब पड़ोसियों ने मकान का दरवाजा खुला और ताले टूटे देखे, तो उन्होंने तुरंत नरेंद्र पाटीदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। इसके बाद नीमच कैंट थाना प्रभारी पुष्पासिंह चौहान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घर और गली के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में दो युवक पैदल आते और वारदात को अंजाम देने के बाद निकलते स्पष्ट नजर आए। पुलिस ने फुटेज से मिली तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान हो सके।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की रैकी की थी। उन्हें पता था कि परिवार पिछले एक सप्ताह से बेटी की डिलेवरी के कारण अस्पताल में था और गुरुवार को घर खाली रहेगा। इसी बात का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस चोरी से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें