जिले के केसला थाना क्षेत्र के जामुन ढोल गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते खतरनाक कदम उठा लिया। जानकारी के अनुसार युवक कमल धुर्वे (पिता संतोष धुर्वे) अचानक 125 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया और करीब 120 फीट की ऊंचाई पर जाकर बैठ गया। जैसे ही ग्रामीणों ने उसे इतनी ऊंचाई पर देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ ही देर में यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई और लोग दहशत में आ गए कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, एसडीईआरएफ टीम और मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीमों ने बेहद सावधानी से काम करते हुए युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। इस दौरान करीब 5 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। टावर पर चढ़ा युवक लगातार डटा रहा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
ये भी पढ़ें- एमपी में बिजली उपभोक्ताओं को लगेगा झटका: नया सरचार्ज लागू, जानें एक माह तक कितना रहेगा जेब पर अतिरिक्त बोझ?
एसडीईआरएफ और पुलिस टीम ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगातार समझाइश दी और युवक को शांत करने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत और लगातार बातचीत के बाद आखिरकार टीम को सफलता मिली और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए सुखतवा चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। इस पूरी घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घंटों तक लोग टावर के नीचे खड़े होकर इस खतरनाक और रोमांचक घटनाक्रम को देखते रहे। प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।