फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Satna News: सतना में एक परिवार ने खाने में जहर मिलाकर खाया; एक मासूम की मौत, तीन की हालत खराब

Tue, 10 Mar 2026 04:17 PM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतना

सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक ही परिवार के चार लोगों ने जहरीला भोजन खा लिया। इस दर्दनाक घटना में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि माता-पिता और दूसरा बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बांधा निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बेटों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने घर में खाना बनाया और उसमें कुछ मिला दिया। परिवार के चारों सदस्यों ने उसे खा लिया। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य अचेत होने लगे। इस दौरान सबसे छोटे बच्चे अभिषेक ने किसी तरह पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर कुंदन शर्मा, उसकी पत्नी ज्योति शर्मा, बड़ा बेटा आकाश शर्मा और छोटा बेटा अभिषेक अचेत हालत में पड़े मिले।

ये भी पढ़ें- महामंडलेश्वर को दुष्कर्म केस में फंसाने की साजिश हुई नाकाम, पूर्व साध्वी समेत दो पर मामला दर्ज

अस्पताल ले जाते समय मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल चारों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर कर संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई, जबकि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और छोटा बेटा अभिषेक अभी भी गंभीर हालत में भर्ती हैं।

बच्चे ने बताई पूरी घटना
परिजनों के मुताबिक, छोटे बच्चे ने बताया कि माता-पिता के बीच झगड़े के बाद मां ने खाने में जहर मिला दिया था और बच्चों को खिलाने के साथ-साथ खुद भी खा लिया। इसके बाद पिता कुंदन शर्मा ने भी वही जहरीला खाना खा लिया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सतना पुलिस और रामपुर बघेलान थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक मासूम की मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में भर्ती अन्य तीनों लोगों के बयान मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें