सराफा व्यापारियों को नकली सोना-चांदी के आभूषण थमाकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपए नकद एवं लगभग 3 लाख रुपए कीमत के सोना-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि 28 नवंबर को थाना बेड़िया क्षेत्र अंतर्गत सौम्य ज्वेलर्स के संचालक दीपक मुछाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 27 नवंबर को दो व्यक्ति उसकी दुकान पर आए और सोने के आभूषणों की खरीदी-बिक्री की। बातचीत के दौरान दोनों ने स्वयं को हरियाणा का व्यापारी बताया और 23 सोने की पुतलियां, कुल वजन लगभग 230 ग्राम, सौदे के लिए प्रस्तुत कीं। आरोपियों पर भरोसा करते हुए व्यापारी ने उनके बदले सोना-चांदी के आभूषण एवं करीब 20 लाख रुपए नकद दिए। आरोपियों ने यह कहकर दुकान से विदा ली कि वे 10 दिनों के भीतर पुतलियों की राशि वापस लेकर उन्हें ले जाएंगे। लेकिन उनके जाने के बाद जब पुतलियों की जांच कराई गई तो वे नकली पाई गईं।
ये भी पढ़ें- Taj Mahal Controversy: 'ताजमहल पहले मंदिर था', मंत्री विजयवर्गीय ने किया दावा; नितिन नबीन को लेकर कह दी ये बात
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और संभावित रास्तों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने धर्मेन्द्र पिता राजवीर निवासी जौनाई, थाना जेत, जिला मथुरा (उत्तरप्रदेश) हाल सताजना तथा बिजेन्द्र पिता राजकुमार निवासी सोहना, थाना सोहना, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) हाल सताजना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पूर्व में 3-4 बार छोटी खरीदी कर व्यापारी का विश्वास जीता और फिर पूरी योजना के तहत ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।