फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa: बाबा साहब पर शाह की टिप्पणी के खिलाफ उतरी कांग्रेस, प्रतिमा के सामने पद से हटाने की हुई मांग

Thu, 19 Dec 2024 10:29 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

देश की संसद में गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस लगातार हमलावर है। इसको लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में अपना विरोध दर्ज कराया है। इसी बीच मध्यप्रदेश के खंडवा नगर में भी गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर केंद्रीय गृहमंत्री शाह के बयान को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान वहां मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय ओझा ने गृहमंत्री अमित शाह के बयान को बाबा साहब का अपमान बताते हुए, इसे सदन की गरिमा का भी अपमान बताया और इसके लिए उनसे अपने बयान को लेकर माफी मांगने की मांग भी की है। यही नहीं, उनके माफी नहीं मांगने तक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहने की भी बात कही है।

खंडवा नगर के अंबेडकर तिराहे पर हुए इस पूरे विरोध प्रदर्शन को लेकर जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि देशभर में कांग्रेस का गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इसके तहत गुरुवार शाम खंडवा जिले में भी कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया है। वहीं इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मुनीश मिश्रा ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द अपमानजनक हैं।

उनके बयान के बाद से ही इसे लेकर देश की आम जनता में रोष व्याप्त है। पहले भी उन्होंने कई बार देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। इसलिए अब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय ओझा के द्वारा राष्ट्रपति से गृहमंत्री अमित शाह को उनके पद से हटाने की मांग भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी सदस्य और कांग्रेसजन मौजूद थे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें