मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक बेटे ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर पूरे घर को आग के हवाले कर दिया है। पूरा मामला माधवनगर थाना क्षेत्र रॉबट लाइन का बताया गया। घर में लगी आग की सूचना पर पहुंची माधवनगर पुलिस ने आरोपी मनोज उर्फ लल्लू चौधरी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में लिया है।
घटना से परेशान मां सुनीता चौधरी ने बताया कि छोटा बेटा मनोज हमेशा नशीली गोली के नशे में रहता है और घर से पैसे ले जाकर क्षेत्र के अन्य असामाजिक तत्वों पर खर्चा करता था। हमेशा पैसे के लिए लड़ाई झगड़ा और मारपीट करता रहता है। कल रात भी नशे के लिए पैसे मांगे थे, नहीं दिए तो घर में रखे सामान में आग लगा दी। इसमें पूरी गृहस्थी का समान जलकर ख़ाक हो गया। छोटे बेटे की इसी हरकत से परेशान होकर बड़ा बेटा घर छोड़ चला गया है, वहीं इस बार हुए नुकसान को देखते हुए मां सुनीता चौधरी ने खुद थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
पूरे मामले पर माधवनगर टीआई अनूप सिंह ने बताया कि रॉबर्ट लाइन के कुम्हार मोहल्ले में आग लगने की जानकारी लगी थी, जिसकी शिकायत सुनीता चौधरी से मिलने पर आरोपी बेटे मनोज चौधरी पर FIR दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। इसे न्यायालय में पेश करने कर जेल भेजा गया है।