फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fire News: ग्वालियर के इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका; 50 दमकल गाड़ियां पहुंचीं

Sat, 25 Jul 2026 07:49 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

ग्वालियर के मुरार आर्मी कैंट क्षेत्र स्थित बंसीपुरा के एक निजी इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और दूर तक उठता धुएं का गुबार देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए अब तक 40 से 50 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर लगाया गया है। चूंकि गोदाम आर्मी कैंट क्षेत्र के पास स्थित है, इसलिए सेना के जवान भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आग आसपास के गोदामों और दुकानों तक न फैल सके।

जानकारी के अनुसार गोदाम में बड़ी संख्या में टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन, अलमारियां, पानी की मोटर सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

पढ़ें: एक्सीडेंट नहीं, ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश, टूटे हुए A मोनोग्राम ने खोला राज

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के अधिकारी पूरे रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के इलाके को खाली करा दिया गया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें