गुना जिले के मृगवास कस्बे में धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने और हनुमानजी की प्रतिमा को अपवित्र करने की घटना पर हिंदू समाज में आक्रोश है। घटना के विरोध में गुरुवार को मृगवास सहित आसपास के कस्बों धरनावदा और कुंभराज में यह आक्रोश देखने को मिला। इस दौरान कुंभराज और मृगवास में बाजार बंद रहे, जबकि धरनावदा में आक्रोशित हिंदू समाज ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं, देर शाम पुलिस ने मंदिर को अपवित्र करने वाले व्यक्ति का खुलासा किया।
धरनावदा थाना परिसर में ज्ञापन देने पहुंचे हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि एक ही क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामान्य नहीं लग रही हैं। यह संभव है कि कोई जानबूझकर क्षेत्र में अशांति फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा हो। इसलिए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। हिंदू समाज ने उम्मीद जताई कि जिस तरह पुलिस ने टेकरी सरकार पर हुई चोरी के दोषियों को पकड़ा, उसी तरह मृगवास की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधी भी जल्द ही गिरफ्तार होंगे।
धरनावदा थाना प्रभारी ने ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया कि मृगवास कस्बे में हुई घटनाओं के दोषियों को पकड़ने के लिए एसपी द्वारा कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार शाम को मृगवास कस्बे में हनुमानजी की प्रतिमा को अपवित्र करने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है।
एसडीओपी दीपा डोडवे ने बताया कि आरोपी का नाम कैलाश पुत्र मुन्ना शर्मा है, जिसकी उम्र करीब 50 साल है। आरोपी स्मैक का नशा करता है और उसने नशे की हालत में इस कृत्य को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बता दें कि यह घटना 12 नवंबर को सामने आई थी, जिसके बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था। पुलिस पर भी आरोपी को शीघ्र पकड़ने का दबाव था। एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।