फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna News: गुना में शादी के एक दिन बाद दूल्हे की हार्ट अटैक से मौत, दुनाई गांव में पसरा मातम

Sun, 03 May 2026 08:15 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के दुनाई गांव में शादी की शहनाई की गूंज थमते ही मातम में बदल गई। 25 वर्षीय दूल्हे रामकृष्ण कुशवाह की शादी के महज एक दिन बाद ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। दुल्हन के हाथों की मेहxदी का रंग भी नहीं उतरा था कि सुहाग उजड़ गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और घर में कोहराम मचा है।

मृतक के भाई रामकिशोर कुशवाह ने बताया कि रामकृष्ण की शादी 1 मई को बड़े धूमधाम से हुई थी। घर में दो दिन तक ढोल-नगाड़े बजे, रिश्तेदारों की चहल-पहल रही। 3 मई यानी रविवार दोपहर को रामकृष्ण घर पर ही था। उसने परिजनों से चाय बनाने को कहा और खुद गर्मी से बचने के लिए घर के पास पेड़ की छांव में जाकर लेट गया। कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। सीने में तेज दर्द की शिकायत पर परिजन घबरा गए।

ये भी पढ़ें- टीना डाबी की IAS मेंटर शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर दो करोड़ ठगे, जानिए किसने लगाई इतनी बड़ी चपत

परिजन बिना देर किए रामकृष्ण को आनन-फानन में गुना जिला अस्पताल लेकर भागे। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। गमगीन परिजन 25 वर्षीय रामकृष्ण का शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही जिला अस्पताल से सीधे गांव दुनाई ले गए। भाई रामकिशोर का कहना है कि सब कुछ इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कल तक घर में मंगल गीत गा रहे थे, आज मातमी सन्नाटा पसरा है। भाभी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी, कहते हुए उसकी आंखें भर आईं।

दुनाई गांव में रविवार सुबह तक शादी की खुशियां थीं। रिश्तेदार अभी घर से गए भी नहीं थे कि यह मनहूस खबर आ गई। दूल्हे की मौत की सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। महिलाएं नवविवाहिता को संभाल रही हैं, जिसकी चूड़ियां चढ़े दो दिन ही हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि रामकृष्ण मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था। उसकी अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है।

डॉक्टरों के अनुसार बदलती जीवनशैली, तनाव और गर्मी के कारण युवाओं में भी हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लक्षणों को नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है। सीने में दर्द, घबराहट, पसीना आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। देर शाम गमगीन माहौल में रामकृष्ण का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक दिन पहले जिस घर से बैंड-बाजे के साथ बारात निकली थी, वहां से अब अर्थी उठी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें